4163 प्रगणक घर-घर जुटाएंगे आंकड़े, 28 हजार से ज्यादा लोगों ने की स्व-गणना

भीलवाड़ा समाचार 
भीलवाड़ा( महेन्द्र नागौरी) जिले में जनगणना-2027 का फील्ड कार्य शनिवार से शुरू हो गया। जिला प्रशासन ने जनगणना को सुचारु, प्रभावी और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए गए स्व-गणना अभियान में जिले के 28,809 नागरिकों ने स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सक्रिय सहभागिता दिखाई है।
जिले की 4568 इन्यूमरेशन ब्लॉक (HLB) में जनगणना कार्य शुरू किया गया है। इसके लिए 4163 प्रगणकों की नियुक्ति की गई है, जबकि निगरानी और पर्यवेक्षण के लिए 707 सुपरवाइजर लगाए गए हैं। सभी कार्मिकों को पूर्व में प्रशिक्षण देकर मैदान में उतारा गया है।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नागरिक प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नागरिकों की सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी।